Maharajganj

Maharajgnj News : रोटरी क्लब ने छात्राओं को साइकिल, महिलाओं को सिलाई मशीन देकर बनाया आत्मनिर्भर

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- रोटरी क्लब महराजगंज की ओर से शनिवार को रोडवेज बस स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जरूरतमंद स्कूली छात्राओं और समाज के अंतिम पायदान से चयनित महिलाओं को साइकिल व सिलाई मशीन वितरित की गई। इस पहल से छात्राओं और महिलाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी (सदर) जितेंद्र कुमार, रोटरी क्लब के संस्थापक अध्यक्ष विंध्यवासिनी सिंह और अध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने किया। एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार ने कहा कि रोटरी क्लब जिले में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और पर्यावरण, स्वास्थ्य व मतदान जागरूकता जैसे सामाजिक कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।संस्थापक अध्यक्ष विंध्यवासिनी सिंह ने बालिकाओं को मेहनत से पढ़ाई कर परिजनों के सपनों को पूरा करने की प्रेरणा दी। अध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने बताया कि क्लब ने अपने स्वयं के फंड से पांच सिलाई मशीन और पांच साइकिल वितरित की हैं। आगामी अध्यक्ष एडवोकेट हमीदुल्लाह खान ने इसे सेवा का सतत संकल्प बताया। सचिव विनोद गुप्ता ने कहा कि क्लब पिछले 8 वर्षों से सामाजिक कार्य कर रहा है और हाल ही में पौधरोपण व वाटर कूलर स्थापना की गई थी। पूर्व अध्यक्ष डॉ. एसके वर्मा ने कहा कि सावन में मेहंदी लगे हाथों को उड़ान देने के लिए ये साइकिलें और मशीनें सहायक होंगी। सिलाई मशीन पाने वालों में सरिता, उर्मिला, मीरा, कविता, प्रियंका और हुस्ना खातून रहीं, जबकि श्रद्धा, कृति, निरुपमा यादव, महक खातून और नीलम मौर्य को साइकिल दी गई। मशीन पाने वाली महिलाओं ने कहा कि इससे वे आत्मनिर्भर बनेंगी और अन्य महिलाओं को भी रोजगार देंगी। कार्यक्रम में एआरएम रोडवेज सहित रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष, पदाधिकारी और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : मनरेगा में धांधली का कमाल,खरीफ़ के मौसम में उगाई जा रही रबी की फसल